करेंट अफेयर्स

Home / करेंट अफेयर्स

पर्यावरण और पारिस्थितिकी

टाइफून बेबिन्का शंघाई में पहुँचा

    «    »
 17-Sep-2024

चर्चा में क्यों? 

75 वर्षों में शंघाई में आया सबसे शक्तिशाली तूफान बेबिन्का चीन के पूर्वी तट पर आया, जिससे लाखों लोग घरों के अंदर रहने को मजबूर हो गए। तूफान के कारण वृक्ष गिर गए और परिवहन बाधित हो गया, जिसके कारण शहर को चीन के शंघाई के पुडोंग ज़िले के लिंगांग क्षेत्र में हज़ारों राहत और बचाव कर्मियों को तैनात करना पड़ा। बेबिन्का वर्ष 1949 के बाद से सबसे शक्तिशाली तूफान है।  

टाइफून बेबिन्का  

  • यह इस वर्ष चीन में आने वाला 13वाँ तूफान है। 
  • वायु की गति: इसके केंद्र के पास अधिकतम वायु बल 42 मीटर प्रति सेकंड (151 किमी/घंटा या 94 मील प्रति घंटा) तक पहुँच गया। 
  • 25 मिलियन से अधिक निवासियों वाले शंघाई शहर से 414,000 से अधिक लोगों को स्थानांतरित किया गया। 
  • तीव्रता: वर्ष 1949 में आए टाइफून ग्लोरिया के बाद यह शंघाई में आया सबसे शक्तिशाली तूफान है।  
  • शंघाई के दो मुख्य हवाई अड्डों पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, नौका सेवाएँ और कुछ रेलगाड़ियाँ निलंबित कर दी गई हैं। 

टाइफून 

  • यह एक प्रकार का उष्णकटिबंधीय चक्रवात है जो उत्तर-पश्चिमी प्रशांत महासागर में, विशेष रूप से 100वीं और 180वीं मध्याह्न रेखाओं के बीच उत्पन्न होता है तथा आमतौर पर गर्म समुद्री जल के ऊपर बनता है। 
  • अंतर:  
    • टाइफून: उत्तर-पश्चिमी प्रशांत महासागर में आने वाले उष्णकटिबंधीय चक्रवातों को संदर्भित करता है। 
    • हरिकेन: अटलांटिक महासागर, उत्तर-पूर्व प्रशांत और मध्य प्रशांत में आने वाले उष्णकटिबंधीय चक्रवातों को संदर्भित करता है। 
    • चक्रवात: हिंद महासागर और दक्षिण प्रशांत में उष्णकटिबंधीय चक्रवातों को संदर्भित करता है। 
    • यह आम तौर पर मई और अक्तूबर के बीच आता है, लेकिन इसकी अवधि वर्ष की  हो सकती है। इस मौसम का चरम अगस्त और सितंबर में होता है। 
  • चरण 
    • उष्णकटिबंधीय अवदाब: वायु की गति 62 किमी./घंटा (38 मील प्रति घंटा) से कम। 
    • उष्णकटिबंधीय तूफान: वायु की गति 63-118 किमी./घंटा (39-73 मील प्रति घंटा) के बीच। 
    • टाइफून: 119 किमी./घंटा (74 मील प्रति घंटा) से अधिक की वायु गति, तीव्रता के आधार पर 1 से 5 तक की श्रेणियाँ। 
    • प्रवण क्षेत्र: फिलीपींस, चीन, ताइवान, जापान और वियतनाम।  

चीन 

  • इसे आधिकारिक तौर पर पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना (PRC) के नाम से जाना जाता है। 
  • राजधानी: बीजिंग  
  • इसकी सीमा 14 देशों - अफगानिस्तान, भूटान, म्याँमार, भारत, उत्तर कोरिया, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, लाओस, मंगोलिया, नेपाल, रूस, ताजिकिस्तान और वियतनाम- से लगती है। 
  • यह विश्व में सबसे अधिक जनसंख्या वाले देशों में से एक है। 
  • यह विश्व की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक है, जिसका इतिहास 4,000 वर्ष से भी अधिक पुराना है। 
  • इतिहास 
    • किन शि हुआंग पहले सम्राट थे जिन्होंने 221 ईसा पूर्व में चीन का एकीकरण किया था। 
    • वर्ष 1911 में किंग राजवंश को उखाड़ फेंका गया और चीन गणराज्य की स्थापना हुई। 
    • वर्ष 1949 में, एक लंबे गृहयुद्ध के बाद, माओत्से तुंग के नेतृत्व में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (CPC) ने पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की स्थापना की, जिसने साम्यवादी शासन की शुरुआत को चिह्नित किया। 
  • इसमें 23 प्रांत, पाँच स्वायत्त क्षेत्र (जैसे- तिब्बत और झिंजियांग), चार प्रत्यक्ष-नियंत्रित नगर पालिकाएँ (बीजिंग, शंघाई, तियानजिन और चोंगकिंग) और दो विशेष प्रशासनिक क्षेत्र (हाॅन्गकाॅन्ग और मकाऊ) हैं। 
  • राजनीतिक व्यवस्था: यह एकदलीय समाजवादी गणराज्य है, जिसमें चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (CPC) एकमात्र सत्तारूढ़ पार्टी है। 
  • प्रीमियर: ली कियांग 
  • राष्ट्रपति: शी जिनपिंग  
  • अपने विशाल विनिर्माण क्षेत्र के कारण इसे अक्सर "विश्व का कारखाना" कहा जाता है। 
  • आधिकारिक भाषा: मंदारिन चीनी (पुटोंगुआ) 
  • मुद्रा: चीनी युआन (CNY)/ रेनमिनबी (RMB) 
  • संयुक्त राज्य अमेरिका के बाद यह विश्व की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।