अब तक की सबसे बड़ी सेल! पाएँ एक्सक्लूसिव ऑनलाइन कोर्सेज़ पर 60% की भारी छूट। ऑफर केवल 5 से 12 मार्च तक वैध।




 17-Mar-2025

राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस 2025

विविध

चर्चा में क्यों?  

टीकों के महत्त्व के बारे में जागरूकता का प्रसार करने हेतु यह दिवस प्रतिवर्ष 16 मार्च को मनाया जाता है।  

इतिहास  

  • इसे पहली बार 16 मार्च, 1995 को मनाया गया था, जब पल्स पोलियो प्रतिरक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत पहली बार मौखिक पोलियो वैक्सीन दी गई थी।  
  • इसका लक्ष्य भारत से पोलियो को समाप्त करना था और वर्ष 2014 तक विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत को पोलियो मुक्त देश घोषित कर दिया।  
  • पल्स पोलियो कार्यक्रम की सफलता के बाद, भारत ने हेपेटाइटिस, तपेदिक और खसरा जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिये कई अन्य टीकाकरण अभियान शुरू किये।  

महत्त्व  

राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा और घातक बीमारियों की रोकथाम में टीकों की भूमिका के बारे में जागरूकता बढ़ाता है। यह उन स्वास्थ्य कर्मियों को भी सम्मानित करता है जो यह सुनिश्चित करते हैं कि टीके पूरे भारत में लोगों तक पहुँचें।  

टीकाकरण क्या है?   

टीकाकरण एक ऐसी प्रक्रिया है जो विशिष्ट बीमारियों के विरुद्ध शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को दृढ़ करती है। यह शरीर को संक्रमणों को पहचानने और उनसे लड़ने में सहायता करता है, जिससे कई घातक बीमारियों से बचाव होता है।  

टीकाकरण क्यों महत्त्वपूर्ण है?  

टीके निम्नलिखित गंभीर बीमारियों को रोकने में सहायता करते हैं:  

  • पोलियो- बच्चों में पक्षाघात का कारण बन सकता है।  
  • टेटनस- मांसपेशियों में अकड़न और गंभीर संक्रमण का कारण बनता है।  
  • डिप्थीरिया- गंभीर श्वास समस्या उत्पन्न करता है।  
  • काली खांसी- शिशुओं के लिये खतरनाक।  
  • हेपेटाइटिस बी- यकृत संक्रमण को रोकता है।  
  • तपेदिक रोग (टीबी)- फेफड़ों के संक्रमण से बचाता है।  
  • COVID-19 - हाल ही में विकसित टीकों ने महामारी को नियंत्रित करने में सहायता की।  

सघन मिशन इंद्रधनुष (IMI)  

टीकाकरण कवरेज में तेज़ी लाने के लिये, भारत ने वर्ष 2014 में मिशन इंद्रधनुष शुरू किया, इसके बाद वर्ष 2017 में सघन मिशन इंद्रधनुष (Intensified Mission Indradhanush- IMI) शुरू किया। इस कार्यक्रम का लक्ष्य है:  

  • गर्भवती महिलाएँ
  • जिन बच्चों को टीका नहीं लगाया गया है या आंशिक रूप से टीका लगाया गया है  
  • कम टीकाकरण दर वाले क्षेत्र  

वर्ष 2023 में IMI 5.0 लॉन्च किया गया, जिसमें 34 लाख बच्चों और 6 लाख गर्भवती महिलाओं को शामिल किया गया, जिससे टीकाकरण कवरेज बढ़ गया।