अब तक की सबसे बड़ी सेल! पाएँ एक्सक्लूसिव ऑनलाइन कोर्सेज़ पर 60% की भारी छूट। ऑफर केवल 5 से 12 मार्च तक वैध।   |   CUET में बेहतर स्कोर के लिये मजबूत एप्टीट्यूड ज़रूरी है। सिर्फ ₹100 में जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट ऑनलाइन कोर्स से अपनी तैयारी की शुरुआत करें।




 11-Mar-2025

भारत दूसरा सबसे बड़ा हथियार आयातक बना- SIPRI

भारतीय अर्थव्यवस्था

चर्चा में क्यों? 

  • स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की रिपोर्ट के अनुसार, भारत 2020 और 2024 के बीच प्रमुख हथियारों का दूसरा सबसे बड़ा आयातक था। 
  • इस अवधि के दौरान यूक्रेन विश्व का सबसे बड़ा हथियार आयातक बन गया, जिसका आयात 2015-2019 की तुलना में लगभग 100 गुना बढ़ गया। 
  • भारत के हथियार आयात में पिछली अवधि (2015-19) की तुलना में 9.3% की गिरावट आई। 

SIPRI रिपोर्ट: मुख्य बातें 

  • यूक्रेन के आयात में वृद्धि: रूस के साथ युद्ध के कारण, यूक्रेन में हथियारों के आयात में 100 गुना वृद्धि देखी गई। 
  • भारत के आयात में गिरावट: दूसरा सबसे बड़ा आयातक होने के बावजूद, भारत के हथियार आयात में वर्ष 2015-19 से वर्ष 2020-24 तक 9.3% की कमी आई। 
  • पाकिस्तान का बढ़ता आयात: पाकिस्तान के हथियार आयात में 61% की वृद्धि हुई, वर्ष 2020-24 में चीन ने उसके कुल आयात का 81% आपूर्ति किया। 
  • वैश्विक निर्यात रुझान: 
    • अमेरिका सबसे बड़ा हथियार निर्यातक बना रहा, जिसकी वैश्विक हिस्सेदारी बढ़कर 43% हो गयी। 
    • रूस के हथियार निर्यात में 64% की गिरावट आई है, जो अब कुल वैश्विक हथियार निर्यात का 7.8% है। 
    • फ्राँस, रूस को पीछे छोड़कर दूसरा सबसे बड़ा हथियार निर्यातक (9.6%) बन गया। 

भारत के हथियार आपूर्तिकर्त्ता और आयात 

  • रूस भारत के लिये सबसे बड़ा आपूर्तिकर्त्ता बना रहा, जिसकी कुल हथियार आयात में 36% हिस्सेदारी थी। हालाँकि, यह 55% (2015-19) और 72% (2010-14) से कम था। 
  • भारत फ्राँसीसी हथियारों का सबसे बड़ा प्राप्तकर्त्ता (28%) था, जो सभी यूरोपीय देशों को प्राप्त संयुक्त हिस्से (15%) से लगभग दोगुना था। 
  • फ्राँस के साथ भारत के प्रमुख हथियार सौदे: 
    • 36 राफेल लड़ाकू विमान 
    • 6 स्कॉर्पीन श्रेणी की पनडुब्बियाँ  
    • 26 राफेल-एम जेट और तीन पनडुब्बियों के लिये आगामी सौदे 

वैश्विक शस्त्र व्यापार रुझान 

  • यूरोपीय हथियार आयात में वृद्धि: 
    • 2022 में रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के बाद सुरक्षा चिंताओं के कारण यूरोपीय आयात में 155% की वृद्धि हुई। 
    • 2015-19 से 2020-24 तक यूरोप को फ्राँस का हथियार निर्यात तीन गुना (187%) बढ़ गया। 
  • कुछ प्रमुख आयातकों के आयात में गिरावट: 
    • भारत, सऊदी अरब और चीन जैसे देशों में विभिन्न कारकों के कारण आयात मात्रा में गिरावट देखी गई। 
  • यूक्रेन की वैश्विक हिस्सेदारी: 
    • वर्ष 2022 से अब तक 35 से अधिक देशों ने यूक्रेन को हथियार भेजे हैं। 
    • वर्ष 2020-24 के बीच वैश्विक हथियार आयात में यूक्रेन का हिस्सा 8.8% था। 

रिपोर्ट का महत्त्व 

  • वैश्विक सुरक्षा प्राथमिकताओं में परिवर्तन को दर्शाता है: यूरोपीय आयात में वृद्धि से रूस के संकट के प्रति चिंता उजागर होती है। 
  • भारत के हथियार आपूर्तिकर्त्ताओं में विविधीकरण: फ्राँस और अन्य देशों पर बढ़ती निर्भरता, रूस पर निर्भरता कम होना। 
  • रक्षा रणनीति पर प्रभाव: आयात में भारत की गिरावट, आत्मनिर्भर भारत  के तहत स्वदेशी रक्षा उत्पादन पर ध्यान केंद्रित करने का संकेत हो सकता है ।