करेंट अफेयर्स

Home / करेंट अफेयर्स

वैश्विक मामले

एशियाई तट रक्षक एजेंसियों के प्रमुखों की बैठक (HACGAM)

    «    »
 06-Sep-2024

    No Tags Found!

चर्चा में क्यों?

भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने दक्षिण कोरिया के इंचियोन में एशियाई तटरक्षक एजेंसियों के प्रमुखों की 20वीं बैठक (HEADS OF ASIAN COAST GUARD AGENCIES MEETING- HACGAM) में भाग लिया। बैठक में समुद्री कानून प्रवर्तन, समुद्र में जीवन की सुरक्षा, समुद्री पर्यावरण संरक्षण, नशीली दवाओं, हथियारों और मनुष्यों की अवैध तस्करी के साथ-साथ सहयोग के भावी क्षेत्रों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

HACGAM के बारे में:

  • यह एक वार्षिक कार्यक्रम है जिसकी मेज़बानी इसके सदस्य देशों द्वारा की जाती है। 
  • इतिहास:
    • नवंबर 1999 में भारतीय तटरक्षक बल द्वारा समुद्री डाकू जहाज़ एमवी अलोंड्रा रेनबो पर कब्ज़ा करने के बाद इसे लॉन्च किया गया था। 
    • क्षेत्रीय तटरक्षकों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के लिये इसे वर्ष 2000 में जापान द्वारा शुरू किया गया था।
  • आदर्श वाक्य: सुरक्षित, संरक्षित और स्वच्छ समुद्र
  • सदस्य:
    • भाग लेने वाले देश: ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, बहरीन, ब्रुनेई दारुस्सलाम, कंबोडिया, चीन, भारत, इंडोनेशिया, जापान, लाओ पीपुल्स डेमोक्रेटिक रिपब्लिक, मलेशिया, मालदीव, म्याँमार, पाकिस्तान, कोरिया गणराज्य, सिंगापुर, श्रीलंका, थाईलैंड, तुर्की और वियतनाम।
    • सहभागी क्षेत्र: हॉन्गकॉन्ग
    • सहयोगी सदस्य: एशिया में जहाज़ों के खिलाफ समुद्री डकैती और सशस्त्र डकैती का मुकाबला करने पर क्षेत्रीय सहयोग समझौता (ReCAAP) तथा ड्रग्स एवं अपराध पर संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (United Nations Office on Drugs and Crime- UNODC)।
  • उद्देश्य:
    • इसका उद्देश्य एशियाई क्षेत्र में तट रक्षक संगठनों के भीतर क्षमताओं का निर्माण और संवर्द्धन करना है।
    • सदस्य संगठनों द्वारा प्रोत्साहित सहयोग का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षित और संरक्षित समुद्री वातावरण तथा स्वच्छ समुद्र सुनिश्चित करना है।
    • यह निरंतर प्रयासों के माध्यम से सदस्य संगठनों के बीच अच्छे संबंधों और आपसी विश्वास को भी बढ़ावा देता है।

ICG के बारे में:

  • स्थापना: 1 फरवरी, 1977
  • गठन: 18 अगस्त, 1978
  • मुख्यालय: नई दिल्ली 
  • आदर्श वाक्य: वयं रक्षामः - हम रक्षा करते हैं
  • यह रक्षा मंत्रालय के अधीन एक सशस्त्र बल, खोज और बचाव तथा समुद्री कानून प्रवर्तन एजेंसी है। 
  • यह विश्व का चौथा सबसे बड़ा तटरक्षक बल है। 
  • बहुआयामी तटरक्षक बल की रूपरेखा दूरदर्शी रुस्तमजी समिति द्वारा तैयार की गई थी।
  • कार्य:
    • तेल, मछली और खनिजों सहित हमारे महासागर तथा अपतटीय संपदा की रक्षा करना। 
    • संकट में नाविकों की सहायता करना और समुद्र में जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा करना। 
    • समुद्र, अवैध शिकार, तस्करी और नशीले पदार्थों के संबंध में समुद्री कानूनों को लागू करना। 
    • समुद्री पर्यावरण और पारिस्थितिकी को संरक्षित करना तथा दुर्लभ प्रजातियों की रक्षा करना। 
    • युद्ध के दौरान वैज्ञानिक डेटा एकत्र करना और नौसेना का समर्थन करना।