करेंट अफेयर्स

Home / करेंट अफेयर्स

करेंट अफेयर्स

15 जुलाई, 2024

    «    »
 15-Jul-2024

    No Tags Found!

 करेंट अफेयर्स 

लाहौर उच्च न्यायालय की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश

चर्चा में क्यों?

न्यायमूर्ति आलिया नीलम लाहौर उच्च न्यायालय (LHC) की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश बनीं।

नोट:

  • पाकिस्तान की राजधानी: इस्लामाबाद
  • पाकिस्तान सरकार: संघीय गणराज्य और संसदीय गणराज्य
  • पाकिस्तान के प्रधानमंत्री: शहबाज़ शरीफ
  • पाकिस्तान के राष्ट्रपति: आसिफ अली ज़रदारी

क्या आप जानते हैं?

  • लीला सेठ 1991 में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश थीं।
  • न्यायमूर्ति एम. फातिमा बीवी भारत के सर्वोच्च न्यायालय में नियुक्त पहली महिला न्यायाधीश थीं।

संयुक्त राष्ट्र (UN) क्लाइमेट फंड बोर्ड

चर्चा में क्यों?

  • संयुक्त राष्ट्र द्वारा गठित हानि एवं क्षति कोष के बोर्ड की मेज़बानी हेतु फिलीपींस को चुना गया है।
  • यह कदम वैश्विक तापमान वृद्धि के प्रभाव से उभरने और पुनर्निर्माण के लिये देशों को वित्तीय सहायता प्रदान करेगा।

हानि और क्षति निधि

  • इसकी स्थापना वर्ष 2022 में COP27 संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में की गई थी।
  • यह एक वित्तीय तंत्र है जिसे जलवायु परिवर्तन के अपरिवर्तनीय परिणामों से निपटने के लिये  डिज़ाइन किया गया है, जिन्हें अनुकूलन प्रयासों के माध्यम से टाला या कम नहीं किया जा सकता है।
  • इस कोष का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के कारण समुदायों, देशों और पारिस्थितिकी प्रणालियों को हुए वास्तविक नुकसान की भरपाई करना है।

यूनाइटेड नेशंस फ्रेमवर्क कन्वेंशन ऑन क्लाइमेट चेंज (UNFCCC)

  • इस समझौते पर 1992 में पर्यावरण एवं विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (United Nations Conference on Environment and Development) में हस्ताक्षर किये गये थे, जिसे पृथ्वी शिखर सम्मेलन, रियो शिखर सम्मेलन या रियो सम्मेलन के नाम से भी जाना जाता है।
  • यह 21 मार्च, 1994 को लागू हुआ।
  • मूल सचिवालय जिनेवा में था।
  • वर्ष 1996 से सचिवालय बॉन, जर्मनी में स्थित है।
  • इसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन से निपटने में वैश्विक प्रगति का आकलन करना तथा विकसित देशों के लिये ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने हेतु कानूनी रूप से बाध्यकारी दायित्वों को स्थापित करने हेतु क्योटो प्रोटोकॉल पर बातचीत करना है।

आइंस्टीन रिंग

चर्चा में क्यों?

  • नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन के जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप (JWST) ने प्रकाश के एक आभूषणनुमा प्रभामंडल का चित्र लिया है, जिसे आइंस्टीन रिंग के नाम से जाना जाता है।
  • यह एक क्वासर RX J1131-1231 द्वारा उत्पन्न किया गया था, जो पृथ्वी से लगभग 6 अरब प्रकाश वर्ष दूर क्रेटर तारामंडल में स्थित था।

जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप (JWST)

  • परिचय
    • यह दूरबीन NASA, यूरोपीय स्पेस एजेंसी (ESA) और कनाडाई अंतरिक्ष एजेंसी के बीच एक सहयोग है जिसे दिसंबर 2021 में लॉन्च किया गया था।
    • यह वर्तमान में अंतरिक्ष में उस बिंदु पर है जिसे सूर्य-पृथ्वी L2 लैग्रेंज़ बिंदु के रूप में जाना जाता है, जो सूर्य के चारों ओर पृथ्वी की कक्षा से लगभग 1.5 मिलियन किमी. दूर है।
    • लैग्रेंज़ बिंदु 2 पृथ्वी-सूर्य प्रणाली के कक्षीय तल में स्थित पाँच बिंदुओं में से एक है।
    • यह अब तक निर्मित सबसे बड़ा और सबसे शक्तिशाली अवरक्त अंतरिक्ष दूरबीन है।
    • यह हबल टेलीस्कोप का उत्तराधिकारी है।
  • उद्देश्य
    • इसमें बिग बैंग से लेकर आकाशगंगाओं, तारों और ग्रहों के निर्माण से लेकर हमारे सौरमंडल के विकास तक ब्रह्मांडीय इतिहास के हर चरण की जाँच की जाएगी।
    • वेब के लक्ष्यों को चार विषयों में बाँटा जा सकता है।
    • पहला यह कि लगभग 13.5 अरब वर्ष पीछे जाकर प्रारंभिक ब्रह्मांड के अंधकार से निर्मित प्रथम तारों और आकाशगंगाओं को देखा जाए।
    • दूसरा, सबसे धुँधली, आरंभिक आकाशगंगाओं की तुलना आज की भव्य सर्पिल आकाशगंगाओं से करना तथा यह समझना कि अरबों वर्षों में आकाशगंगाएँ किस प्रकार एकत्रित होती हैं।
    • तीसरा, यह देखना कि तारे और ग्रह प्रणालियाँ कहाँ जन्म ले रही हैं।
    • चौथा, सौरमंडल से बाहर के ग्रहों (हमारे सौरमंडल से परे) के वायुमंडल का निरीक्षण करना तथा संभवतः ब्रह्मांड में अन्यत्र जीवन की आधारशिलाओं का पता लगाना।

नेपाल के प्रधानमंत्री की नियुक्ति

चर्चा में क्यों?

  • खड्ग प्रसाद शर्मा ओली को नेपाल का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया।
  • उन्होंने चौथी बार शपथ ली और पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ का स्थान लिया।
  • उन्हें राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी-एकीकृत मार्क्सवादी लेनिनवादी (CPN-UML)-नेपाली कॉन्ग्रेस (NC) गठबंधन का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया।

नोट:

  • नेपाल की राजधानी: काठमांडू
  • नेपाल की मुद्रा: नेपाली रुपया

वर्ल्ड यूथ स्किल डे 

  • यह दिवस प्रतिवर्ष 15 जुलाई को मनाया जाता है तथा पहली बार वर्ष 2015 में मनाया गया था।
  • इस दिवस का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर युवाओं के सामने आने वाली बेरोज़गारी और अल्परोज़गार की चुनौतियों का सामना करने के लिये युवा कौशल (Youth Skills) के महत्त्व के बारे में जागरूकता फैलाना तथा समझ विकसित करना है।
  • वर्ष 2024 में इस दिवस की थीम है शांति और विकास के लिये युवा कौशल (Youth Skills for Peace and Development)।

 सामान्य अध्ययन 

अलमाटी बाँध:

  • अलमाटी बाँध, जिसे लाल बहादुर शास्त्री बाँध के नाम से भी जाना जाता है, उत्तरी कर्नाटक में कृष्णा नदी पर बना है।
  • यह बाँध विजयपुरा और बागलकोट ज़िलों के किनारे पर स्थित है।
  • बाँध का वार्षिक विद्युत उत्पादन 713,000,000 किलोवाट (Kilowatts- KW) है और यह ऊपरी कृष्णा सिंचाई परियोजना का मुख्य जलाशय है।

कृष्णा नदी:

  • उद्गम: इस नदी का उद्गम महाराष्ट्र के महाबलेश्वर (सतारा) के पास से होता है। यह गोदावरी नदी के बाद प्रायद्वीपीय भारत की दूसरी सबसे बड़ी नदी है।
  • अपवाह: यह नदी चार राज्यों महाराष्ट्र (303 किमी.), उत्तर कर्नाटक (480 किमी.) से होकर प्रवाहित होती है एवं शेष 1300 किमी. तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से होकर प्रवाहित होती है तथा बंगाल की खाड़ी में गिरती है।
  • सहायक नदियाँ:
    • दाएँ तट की सहायक नदियाँ: घाटप्रभा, मालप्रभा और तुंगभद्रा।
    • बाएँ तट की सहायक नदियाँ: भीमा, मूसी और मुन्नेरू