करेंट अफेयर्स

Home / करेंट अफेयर्स

करेंट अफेयर्स

12 जून, 2024

    «    »
 12-Jun-2024

    No Tags Found!

लोकसभा अध्यक्ष की शक्तियाँ

  • संविधान के अनुच्छेद 93 में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव का प्रावधान है।
  • संसद के प्रत्येक सदन का अपना पीठासीन अधिकारी होता है।
    • लोक सभा: अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
    • राज्य सभा: सभापति और उपसभापति
  • इतिहास
    • इसकी शुरुआत भारत सरकार अधिनियम, 1919 (मांटेग्यू-चेम्सफोर्ड सुधार) के प्रावधानों के तहत हुई थी।
      • भारत सरकार अधिनियम, 1935 के अंतर्गत राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के नामों को क्रमशः अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष में बदल दिया गया।
  • अध्यक्ष का निर्वाचन
    • भारतीय संविधान के अनुसार अध्यक्ष को सदन का सदस्य होना चाहिये।
    • हालाँकि अध्यक्ष चुने जाने के लिये कोई विशिष्ट योग्यता निर्धारित नहीं की गई है।
    • सामान्यतः सत्ताधारी दल के सदस्य को अध्यक्ष चुना जाता है।
  • मतदान: अध्यक्ष (उपसभापति के साथ) का चुनाव लोकसभा सदस्यों में से सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के साधारण बहुमत से होता है।
  • अध्यक्ष का कार्यकाल
    • अध्यक्ष अपने चुनाव की तारीख से अगली लोकसभा की पहली बैठक के ठीक पहले तक (5 वर्ष तक) पद धारण करता है।
    • अध्यक्ष पुनर्निर्वाचित होने के लिये पात्र होता है।
    • जब लोकसभा भंग होती है, अध्यक्ष अपना पद तुरंत खाली नहीं करता है, वह अपने पद पर नवनिर्वाचित लोकसभा की पहली बैठक तक बना रहता है।
  • अध्यक्ष की भूमिका और शक्तियाँ
    • व्याख्या: वह सदन के अंदर भारत के संविधान के प्रावधानों, लोकसभा की प्रक्रिया और कार्य संचालन के नियमों तथा संसदीय मामलों का अंतिम व्याख्याकार होता है।
    • दोनों सदनों की संयुक्त बैठक: वह संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक (Joint Sitting) की अध्यक्षता करता है। ऐसी बैठकें किसी विधेयक पर दोनों सदनों के बीच गतिरोध को दूर करने के लिये राष्ट्रपति द्वारा बुलाई जाती हैं।
    • सदन का स्थगन: वह सदन को स्थगित कर सकता है या सदन की कुल संख्या का दसवाँ हिस्सा (जिसे गणपूर्ति कहा जाता है) की अनुपस्थिति में बैठक को स्थगित कर सकता है।
    • निर्णायक मत: अध्यक्ष पहली बार में मत नहीं देता लेकिन बराबरी की स्थिति में (जब किसी प्रश्न पर सदन समान रूप से विभाजित हो जाता है) अध्यक्ष को मत देने का अधिकार होता है।
    • धन विधेयक: वह किसी विधेयक के धन विधेयक होने या नहीं होने का फैसला करता है और इस प्रश्न पर उसका निर्णय अंतिम होता है।
    • सदस्यों की अयोग्यता: दसवीं अनुसूची (Tenth Schedule) के प्रावधानों के तहत दल बदल के आधार पर उत्पन्न होने वाले लोकसभा के किसी सदस्य की अयोग्यता के प्रश्न पर निर्णय अध्यक्ष ही करता है।
    • IPG की अध्यक्षता: अध्यक्ष भारतीय संसदीय समूह (Indian Parliamentary Group- IPG) के पदेन अध्यक्ष के रूप में कार्य करता है, यह समूह भारत की संसद और विश्व की विभिन्न संसदों के बीच एक कड़ी है।
    • समितियों का गठन: लोकसभा की समितियाँ अध्यक्ष द्वारा गठित की जाती है और इसके निर्देशन में कार्य करती हैं।
      • इसकी अध्यक्षता में कार्य सलाहकार समिति (Business Advisory Committee), सामान्य प्रयोजन समिति (General Purposes Committee) और नियम समिति (Rules Committee) जैसी समितियाँ सीधे कार्य करती हैं।
    • अध्यक्ष के विशेषाधिकार: अध्यक्ष सदन, उसकी समितियों और सदस्यों के अधिकारों तथा विशेषाधिकारों का संरक्षक होता है।
  • अध्यक्ष को हटाना
    • यदि वह लोकसभा का सदस्य नहीं रहता है।
    • यदि वह उपाध्यक्ष को पत्र लिखकर इस्तीफा दे देता है।
    • यदि उसे लोकसभा के सभी सदस्यों के बहुमत से पारित प्रस्ताव द्वारा हटा दिया जाता है।
    • जब अध्यक्ष को हटाने का प्रस्ताव सदन के विचाराधीन हो, तो वह बैठक में उपस्थित हो सकता है लेकिन अध्यक्षता नहीं कर सकता।

ISRO ने आदित्य L1 द्वारा ली गई सूर्य की तस्वीरें जारी कीं

  • भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने एक बड़े भू-चुंबकीय तूफान के दौरान आदित्य L1 उपग्रह द्वारा ली गई सूर्य की तस्वीरें जारी की हैं।
  • आदित्य-L1 उपग्रह सूर्य का अध्ययन करने वाला पहला अंतरिक्ष आधारित भारतीय मिशन है।
  • उपग्रह को L1 बिंदु के चारों ओर हेलो कक्षा में स्थापित किया गया है, जिसका मुख्य लाभ यह है कि इससे सूर्य को बिना किसी ग्रहण/अवसादन के लगातार देखा जा सकता है।
  • उपग्रह के प्रमुख कार्यों में सौर ऊपरी वायुमंडलीय (क्रोमोस्फीयर एवं कोरोना) गतिशीलता, कोरोनाल तापन और ज्वालाओं का अध्ययन शामिल है।

अंतर्राष्ट्रीय श्रम सम्मेलन (ILC) के 112वें सत्र में भारतीय त्रिपक्षीय प्रतिनिधिमंडल

  • भारतीय त्रिपक्षीय प्रतिनिधिमंडल ने स्विट्ज़रलैंड के जिनेवा में अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के अंतर्राष्ट्रीय श्रम सम्मेलन (ILC) के 112वें सत्र में भाग लिया।
  • इस सत्र का नेतृत्व सचिव (श्रम एवं रोज़गार) सुश्री सुमिता डावरा द्वारा किया जाएगा।
  • प्रतिनिधिमंडल ने श्रम सुधारों के कार्यान्वयन, सामाजिक सुरक्षा कवरेज को बढ़ाने, महिला श्रम शक्ति भागीदारी को बढ़ावा देने और नए रोज़गार अवसरों की पहचान करने तथा उन्हें बढ़ावा देने की दिशा में भारत सरकार की पहलों पर प्रकाश डाला।

विद्युत रक्षक

  • भारतीय सेना ने आर्मी डिज़ाइन ब्यूरो (ADB) द्वारा विकसित ‘विद्युत रक्षक’ लॉन्च किया।
  • यह इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) एकीकृत जनरेटर निगरानी, ​​सुरक्षा और नियंत्रण प्रणाली है।
  • इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) परस्पर संबंधित उपकरणों का एक नेटवर्क है जो अन्य IoT उपकरणों और क्लाउड के साथ डेटा को जोड़ता है तथा उनका आदान-प्रदान करता है।

नेशनल हेल्थ क्लेम एक्सचेंज (NHCX)

  • भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) और स्वास्थ्य मंत्रालय ने नेशनल हेल्थ क्लेम एक्सचेंज (NHCX) लॉन्च किया है।
  • यह एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है जो स्वास्थ्य बीमा कंपनियों, स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की सेवा प्रदाताओं और सरकारी बीमा योजना प्रशासकों को एक साथ लाएगा।

सुमित नागल ने हेलब्रॉन नेकरकप 2024 जीता

  • भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल ने जर्मनी में हीलब्रॉन नेकरकप 2024 चैलेंजर इवेंट में पुरुष एकल का खिताब जीता।
  • उन्होंने स्विट्ज़रलैंड के अलेक्जेंडर रिट्सचर्ड को हराया।

सब-लेफ्टिनेंट अनामिका राजीव भारतीय नौसेना की पहली महिला हेलीकॉप्टर पायलट बनीं

  • सब-लेफ्टिनेंट अनामिका राजीव भारतीय नौसेना में पहली महिला हेलीकॉप्टर पायलट बनीं।
  • परेड के दौरान उन्हें वाइस एडमिरल राजेश पेंढारकर द्वारा गोल्डन विंग्स से सम्मानित किया गया।